अफगानिस्तान: चुनाव बाद हिंसा में 7 सैनिकों, 2 तालिबानियों की मौत
काबुल, 23 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान के दो दिन बाद हुए संघर्ष में सात अफगान सैनिक और दो तालिबान आतंकवादी मारे गए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार बगलान प्रांत के पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को मरकजी जिले में सड़क के किनारे हुए एक बम विस्फोट में उत्तरी बगलान के एक पुलिस प्रमुख की मौत हो गई।
उनके साथ वाहन में सवार पांच अन्य पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई।
एक सूत्र के अनुसार आतंकवादियों ने शनिवार को काबुल-कंधार राजमार्ग पर एक नाका लगाया। आतंकवादी उन लोगों को तलाश रहे हैं जिन्होंने वोट डाला है। इसके लिए लोगों की उंगलियों पर लगे स्याही के निशान को देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि तालिबान की धमकी के भय से मतदान के दौरान मतदाता अपनी उंगलियों पर न मिटने वाली स्याही लगवाने के अनिच्छुक थे।
मतदान प्रक्रिया को बाधित करने के लिए तालिबान ने मतदान के दौरान 130 से अधिक हमले किए और दर्जनों राकेट दागे।
एक चुनाव निगरानी संस्था ने शनिवार को दावा किया कि उसका एक पर्यवेक्षक कंधार प्रांत में दो मतदाताओं की उंगलियां काटे जाने का प्रत्यक्षदर्शी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications