आजाद की टिप्पणी पर भड़के मंत्री

शुक्रवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि स्वाइन फ्लू से निपटने की जिम्मेदारी राज्यों की है। उन्होंने कहा " ब्लड़ी हम यहां दिन-रात काम कर रहे हैं और आप लोग मौज कर रहे हैं"। उनके इस वक्तव्य के बाद मंत्रियों को उन्हें असंसदीय भाषा का इस्तेमाल न करने की याद दिलानी पड़ी।
आजाद ने कहा कि "केंद्र सरकार जितना कर सकती थी उससे ज्यादा कर चुकी है और अब राज्यों की जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने नागरिकों के स्वास्थ्य का खयाल रखे"। स्वाइन फ्लू पर नियंत्रण न होने को लेकर उन्होंने राज्यों को जम कर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू से निपटने के सारे उपाय राज्य सरकारों को करने चाहिए थे। उन्होंने कहा, 'हम झेल रहे हैं और आप मजे ले रहे हैं। आप सोच रहे हैं कि अच्छा है। भारत सरकार की खिंचाई हो रही है।'
आजाद की इस टिप्पणी पर गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण नर्मदा शंकर व्यास ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि 'हम यहां ऐसे बोल सुनने नहीं आए हैं। आप संघीय मंत्री हैं। आपसे इस तरह की बात सुनने की उम्मीद नहीं थी।' कार्यक्रम के दौरान ही व्यास ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर कहा, 'संघीय ढांचे में हम ऐसी आपदा के समय केंद्र की ओर मदद के लिए देखते हैं। ऐसा भी नहीं कि जो किया हो सिर्फ केंद्र ने किया हो और राज्य चाहते हैं कि उनके लोग मर जाएं। मगर एक केंद्रीय मंत्री की ओर से राज्यों के लिए 'ब्लडी' जैसे असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करना कतई ठीक नहीं है।'


Click it and Unblock the Notifications