भारत ने अफ्रीका के साथ व्यापार बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई
जोहांसबर्ग, 22 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर आए वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री आनंद शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि अफ्रीका के साथ व्यापार बढ़ाने और उसमें विविधता लाने के लिए भारत प्रतिबद्ध है।
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय व्यापार प्रतिनिधियों के संगठन इंडिया बिजनेस फोरम (आईबीएफ)को संबोधित करते हुए शर्मा ने भारतीय कारोबारियों को आचार संबंधी तत्वों के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए कौशल विकास और रोजगार के साधन पैदा करने के अपने प्रयास जारी रखने की जरूरत पर जोर दिया। शर्मा ने कहा कि यही बातें भारतीय निवेश को अन्य विदेशी निवेश से अलग करती हैं।
इस वर्ष दोनों देशों में हुए चुनाव के बाद दक्षिण अफ्रीका के व्यापार और उद्योग मंत्री रॉब डेविस के निमंत्रण पर दक्षिण अफ्रीका पहुंचने वाले शर्मा पहले भारतीय मंत्री हैं।
अपने चार दिवसीय दौरे का आरंभ करते हुए शर्मा ने शुक्रवार को प्रिटोरिया में अफ्रीकी उपराष्ट्रपति कगालेमा मोटलांथे से भेंट कर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा आर्थिक साझेदारी की विविधता बढ़ाने पर चर्चा की।
बहुपक्षीय सहयोग के मुद्दे पर शर्मा ने उपराष्ट्रपति को नई दिल्ली में दोहा दौर की वार्ता में प्रगति पर 3-4 सितम्बर को विश्व व्यापार संगठन द्वारा आयोजित की जाने वाली मंत्रीस्तरीय बैठक के बारे में जानकारी दी।
शर्मा के राष्ट्रपति जैकब जुमा और विदेश संबंध और सहयोग मंत्री माइटे नकोना मशाबाने से भी मुलाकात करने की उम्मीद है।
सोमवार को अपनी यात्रा के समापन से पहले शर्मा और डेविस दोनों देशों के उद्योग जगत के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को संबोधित करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications