झारखंड के पूर्व मंत्री अस्पताल में भर्ती
रांची, 22 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्व मंत्री एनोस एक्का को शनिवार को सीने में दर्द और अन्य परेशानियों की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह इन दिनों न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।
एक्का को रांची जेल से राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने ईसीजी और अन्य जांच किया है और रिपोर्ट का विश्लेषण किया जा रहा है।
सतर्कता न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद सतर्कता अधिकारियों ने एक्का से गुरुवार और शुक्रवार को पूछताछ की थी। सूत्रों के अनुसार एक्का ने पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दिया था।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक्का और एक अन्य पूर्व मंत्री हरिनारायण राय ने 17 अगस्त को अदालत में समर्पण किया था। दोनों के खिलाफ अदालत ने गैरजमानती वारंट जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications