ममता ने टालीगंज-गड़िया मेट्रो को हरी झंडी दिखाई (लीड-1)
बनर्जी ने उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कहा, "मेट्रो रेल इस शहर का गौरव है। मैंने इस विस्तार की घोषणा वर्ष 1999 में की थी। मेरे लिए बड़ी बात यह है कि मैं आज इसका उद्घाटन कर रही हूं।" बनर्जी ने टालीगंज मेट्रो स्टेशन का नामकरण बंगाली फिल्मों के अभिनेता उत्तम कुमार के नाम पर किया। जबकि गड़िया बाजार स्टेशन का नामकरण प्रमुख बांग्ला कवि काजी नजरुल इस्लाम के नाम पर किया।
उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी और केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के अलावा बंगाली फिल्मों की अभिनेत्री और उत्तम कुमार की पत्नी सुप्रिया देवी, अभिनेता प्रसेनजित, कोयल मलिक, रंजीत मलिक और अमला शंकर जैसी हस्तियां मौजूद थीं।
गांधी ने मेट्रो मार्ग के विस्तार के लिए बनर्जी को बधाई दी और उन्होंने कहा कि वह एस्प्लेनेड से मेट्रो की सवारी कर समारोह स्थल पर पहुंचे हैं।
मुखर्जी ने कहा, "टालीगंज स्टेशन का नाम उत्तम कुमार के नाम रख कर ममता ने एक अच्छा काम किया है।"
वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने आरोप लगाया कि रेल मंत्री ने सरकारी कोष से एक राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया है।
बोस ने कहा, "जब दिल्ली में मेट्रो रेल का उद्घाटन हुआ था तो मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को आमंत्रित किया गया था। लेकिन आज के कार्यक्रम में हमारे मुख्यमंत्री तक को आमंत्रित नहीं किया गया।" बोस ने कहा कि राज्य के परिवहन मंत्री रंजीत कुंडु को कार्यक्रम से मात्र एक दिन पहले निमंत्रण पत्र मिला।
बोस ने कहा, "यह ठीक नहीं है। यह एक असाधारण घटना है और राजनीति प्रेरित है।"
कुंडु ने कहा कि उन्हें मेट्रो रेल कार्यालय से शुक्रवार को एक आधिकारिक फैक्स प्राप्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications