बिहार में नक्सली हमले में 4 पुलिसकर्मी शहीद
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि पुलिस के जवान सोनहो के जंगल से गश्त कर लौट रहे थे कि 30-40 की संख्या में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नक्सलियों ने सोनहो चौक के पास पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी शहीद हो गए। उन्होंने बताया कि शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों में तीन राज्य पुलिस बल (सैप) के जवान तथा एक सहायक पुलिस निरीक्षक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि घटना में घायल दो जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। नीलमणि के अनुसार पुलिस मुख्यालय से केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवानों को जमुई के लिए रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications