गिलानी को निशाना बनाने की फिराक में हैं तालिबानी : रिपोर्ट
इस्लामाबाद, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी और कई अन्य प्रमुख हस्तियों को तहरीक-ए तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादी निशाना बनाने की फिराक में है। यह जानकारी शनिवार को जारी खुफिया रिपोर्ट में दी गई।
गिलानी के अलावा पंजाब सूबे के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ और कई अन्य प्रमुख व्यक्ति भी टीटीपी के निशाने पर हैं। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने तालिबानियों के खिलाफ देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में अभियान छेड़ रखा है।
एक निजी टीवी चैनल के अनुसार खुफिया सूत्रों ने कानूनी एजेंसियों को सूचित किया है कि पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के मलकंद डिवीजन और संघीय प्रशासित कबायली क्षेत्रों (एफएटीए)के उत्तरी और दक्षिणी वजीरिस्तान में तालिबानियों के खिलाफ जारी सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बावजूद टीटीपी ने फिर से संगठित होना शुरू कर दिया है।
खुफिया सूत्रों ने जानकारी दी है कि 50 आत्मघाती हमलावर पंजाब और पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत भेजे गए हैं। इन्हें आत्मघाती हमलों के जरिए तालिबान के खिलाफ जारी सैन्य अभियानों का बदला लेने के लिए तथा बंदी बनाए गए आतंकवादियों की रिहाई का दबाव बनाने के लिए भेजा गया है।
सूत्रों का कहना है कि आतंकवादी कानूनी एजेंसियों के कर्मियों के वेश में गिलानी और शरीफ को निशाना बना सकते हैं। इस जानकारी के बाद दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
टीटीपी का सरगना बैतुल्लाह महसूद इस महीने के आरंभ में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा जा चुका है। सेना का कहना है कि अब तक उसके अभियान की वजह से 1500 से ज्यादा तालिबानी मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications