भारत ने कुडनकुलम की दूसरी इकाई के लिए यूरेनियम हासिल किया
चेन्नई, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत ने तमिलनाडु की कुडनकुलम परमाणु विद्युत परियोजना की 2,000 मेगावॉट की क्षमता वाली दूसरी इकाई के लिए रूस से यूरेनियम की पहली खेप हासिल की है। परियोजना के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (एनपीसीआईएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एस.के.जैन ने मुंबई से आईएएनएस को फोन पर बताया,"कुडनकुलम की दूसरी इकाई के लिए कम संवर्धित ईंधन की यह पहली खेप है। रूस से परियोजना के लिए ईंधन की कई अन्य खेपें आएंगी।"
ईंधन की पहली खेप गुरुवार को भारत पहुंची और बाकी आवश्यक ईंधन के अगले हफ्ते किसी समय आने की उम्मीद है।
बहरहाल जैन ने ईंधन की कुल मात्रा बताने में असमर्थता जताई।
एनपीसीआईएल परियोजना का निर्माण कर रहा है जबकि रूस ने संयंत्र की आपूर्ति की है और रिएक्टर के पूरे जीवनकाल के लिए ईंधन आपूर्ति करेगा।
उल्लेखनीय है कि कुडनकुलम परियोजना की दूसरी इकाई के लिए ईंधन वर्ष 2008 के आरंभ में आना था। परियोजना का 94 प्रतिशत कार्य अब पूरा हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications