गद्दाफी ने की लॉकरबाइ बमकांड के दोषी से मुलाकात
त्रिपोली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। लीबिया के नेता मुअम्मर गद्दाफी ने स्कॉटलैंड से रिहा हुए लॉकरबाइ बमकांड के दोषी अब्देल बसत अल-मगराही से मुलाकात की।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार 57 वर्षीय अल-मगराही की रिहाई एक दिन बाद शुक्रवार को गद्दाफी ने उससे और उसके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। अल-मगराही प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित है और उसे उसकी बिगड़ती सेहत के प्रति सहानुभूति दर्शाते हुए रिहा किया गया है।
लीबियाई समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि गद्दाफी ने इस मौके पर कहा, "मैं उनके साहस और आजादी की खातिर प्रयासों के लिए उन्हें मुबारकबाद देता हूं।"
अल-मगराही की रिहाई का हाल ही में अमेरिका और ब्रिटेन ने कड़ा विरोध किया था। अमेरिका ने लीबिया को चेतावनी दी है कि वह अल-मगराही का नायकों की तरह स्वागत न करे।
1988 में हुए लॉकरबाइ बमकांड में 270 लोग मारे गए थे। अल-मगराही को इस मामले में दोषी करार दिया गया था लेकिन उसने हमेशा खुद को बेगुनाह बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications