तेज आंधी और बारिश में उखड़े 130 पेड़
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश की वजह से यहां लगभग 130 पेड़ उखड़ गए।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक हवाएं 87 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं जबकि दिल्ली में 74.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को 118 पेड़ उखड़ने की शिकायत मिली जबकि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को 10 से अधिक पेड़ों के उखड़ने की शिकायत मिली।
एमसीडी के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "आंधी और बारिश के दौरान 118 पेड़ उखड़ गए।"
एनडीएमसी के प्रवक्ता आनंद तिवारी ने कहा, "शुक्रवार शाम हमें अपने इलाके में पेड़ की शाखाएं टूटने की 54 शिकायतें मिलीं। लगभग 10 पेड़ भी उखड़े हैं।"
अधिकारियों ने बताया कि पेड़ गिरने से बाधित हुई सड़कों पर सफाई की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications