सरेआम लगे कोड़ेः मलेशयाई पूर्व मॉडल

मलेशिया में सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने की मनाही है और कार्तिका सारी दिवी शुकार्नोर मलेशिया की पहली महिला है जिसे इस कानून के उल्लंघन का दोषी करार दिया गया है। अदालत ने पिछले महीने कार्तिका को इस अपराध के लिए छह कोड़े लगाने की सजा सुनाई थी। कार्तिका ने कहा कि वह चाहती है कि उसे सरेआम कोड़े मारे जाएं ताकि शराब पीने की इच्छा रखने वाले दूसरे लोगों को सबक मिले।
32 वर्षीया मॉडल ने कहा कि वह चाहती है कि उसका परिवार उस दौरान मौजूद रहे। उसने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मीडिया को भी वहां रहने की इजाजत मिलेगी। बचपन से मिली धार्मिक सीख के बावजूद मैंने ऐसा करके अपने परिवार का सिर झुकाया है। मुझे उम्मीद है कि सजा मुझे सही रास्ते पर ले आएगी।"
अपने पति द्वारा समझाए जाने के बावजूद उसने अदालत के फैसले के खिलाफ अपील नहीं की। कार्तिका का कहना है कि उसे इस बात का कोई मलाल भी नहीं। समाचार पत्र 'द स्टार' के अनुसार कार्तिका ने कहा कि वह इस सजा के लिए दिमागी और शारीरिक रूप से तैयार है।
हालांकि उसका पति मुहम्मद अफंदीन आमिर अपनी पत्नी की सेहत को लेकर फिक्रमंद है क्योंकि उसे यह सजा रमजान के महीने में दिए जाने की संभावना है। अफंदीन ने हालांकि कहा, "मैं अदालत के निर्णय का सम्मान करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications