बासित की रिहाई एक ग़लती: ओबामा

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लॉकरबी विमान कांड के दोषी अब्दुल बासित की स्कॉटलैंड की जेल से रिहाई को एक ग़लती बताया है.
वर्ष 1988 में लॉकरबी विमान बम कांड में दोषी पाए गए लीबियाई नागरिक अब्दुल बासित अल मगराही की स्कॉटलैंड की जेल से रिहाई को अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक ग़लती बताया है. इस कांड में मारे गए लोगों के कुछ रिश्तेदारों ने भी इस कदम पर नाराज़गी जताई है.
स्कॉटलैंड में लौकरबी के ऊपर उड़ान भर रहे अमरीकी पैनएम विमान पर सवार सभी 270 लोग उस धमाके में मारे गये थे. उनमें से अधिकतर अमरीकी नागरिक थे.
इस कांड में दोषी पाए जाने के बाद 57 वर्षीय अब्दुल बासित अल मगराही स्कॉटलैंड में आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे थे. वे प्रॉस्ट्रेट कैंसर से पीड़ित हैं.
राष्ट्रपति ओबामा ने एक रेडियो इंटरव्यू में कहा, "हम स्कॉटलैंड की सरकार के संपर्क में हैं और हमने संकेत दिए हैं कि हमें इस फ़ैसले पर आपत्ति है. हमें लगता है कि यह एक ग़लती है."
ओबामा का ये भी कहना था कि उनका प्रशासन लीबिया की सरकार से कह चुका है कि 'बासित का हीरो की तरह स्वागत न किया जाए और उन्हें तत्काल घर पर नजरबंद कर दिया जाए.'
त्रिपोली में मौजूद बीबीसी संवाददाता राना जावाद ने कहा है कि लीबिया की सरकार ने फ़िलहाल बासित की रिहाई पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन सरकार इसे अपनी जीत के तौर पर ही देखेगी.
इससे पहले बासित को विमान के ज़रिए लीबिया पहुँचाया गया जहाँ लीबिया और स्कॉटलैंड के झंडे उठाए सैंकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया.
वे त्रिपोली हवाई अड्डे पर में लीबियाई नेता मोहम्मद गद्दाफ़ी के पुत्र सैफ़ अल इस्लाम गद्दाफ़ी के साथ नज़र आए, जिन्होंने उनकी रिहाई को एक साहसी कदम बताया.
इंटरनेट पर एक बयान में उन्होंने कहा कि एक दिन लॉकरबी विमान बम कांड के मुकदमे के बारे में सच सामने आएगा. मानवीय आधार पर रिहाई स्कॉटलैंड के न्यायमंत्री कैनी मेकास्किल ने कहा है कि प्रॉस्ट्रेट कैंसर से पीड़ित मगराही को मानवीय आधार पर रिहा किया गया है.
स्कॉलैंड के न्यायमंत्री केनी मेकास्किल ने अपने फ़ैसले में कहा, "मेरा ये फ़ैसला है कि प्रस्टैट कैंसर से पीड़ित लौकरबी धमाके के दोषी अब्दुल बासित अल मेगराही को मानवीय आधार पर रिहा किया जाए और उन्हें अपने अंतिम दिन काटने के लिए लिबिया जाने की अनुमति दी जाए".
मगराही के रिहा होने की ख़बर आने के तत्काल बाद व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव रॉबर्ट गिब्स ने कहा, "स्कॉटलैंड की सरकार द्वारा अब्दुल बासित अल मगराही को रिहा करने का फैसले पर अमरीका को बेहद अफ़सोस है."
इस विमान धमाके में मारे गए अमरीकी नागरिकों के रिश्तेदारों ने गुस्सा जताया. उधर बासित ने अपनी रिहाई के बाद बयान में ख़ुद को दोषी ठहराए जाने के फ़ैसले को ग़लत बताया.


Click it and Unblock the Notifications