बलात्कार से क्षुब्ध किशोरी ने आग लगाई
उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में बलात्कार की रिपोर्ट न लिखने पर एक किशोरी के आत्महत्या करने के मामले में अभी जांच पूरी भी नहीं हो पाई कि पड़ोसी जनपद बांदा के कमासिन थाने के कुमेढ़ासानी गांव में एक किशोरी के साथ उसके चाचा ने घर में घुसकर दुष्कर्म कर डाला। बलात्कार से क्षुब्द किशोरी ने मिट्टी का तेल डाल आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। नब्बे फीसदी जल चुकी किशोरी को जिला अस्पताल बांदा में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
पुलिस अधिक्षक (एसपी) को दी तहरीर में अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी 15 वर्षीया छोटी बहन 17 अगस्त को घर में अकेली थी, तभी पड़ोसी चाचा राकेश ने घर में घुस कर उसके साथ दुष्कर्म किया। कमासिन थाने में घटना की सूचना दी गयी, मगर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। जिससे क्षुब्ध होकर उसने आग लगा ली।
एसपी ने भाई की तहरीर पर आरोपी के विरूद्घ मामला तो दर्ज करा दिया, लेकिन न तो घटना छिपाने के दोषी पुलिस कर्मियों के विरूद्घ कार्रवाई हुई और न ही आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका है।
पुलिस अधीक्षक अंकज शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने किशोरी का नायब तहसीलदार से मजिस्ट्रेटियल बयान कराया है। मामले को गम्भीरता से लेकर आरोपी के विरूद्घ कार्रवाई की जा रही है।
उधर जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डा़ गोपाल सिंह धनिक के अनुसार किशोरी नब्बे फीसदी से ज्यादा जल चुकी है। हालत काफी नाजुक है, उसे बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications