पाकिस्तान में संदिग्ध अमेरिकी मिसाइल हमले में 12 मरे (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए ने एक खुफिया अधिकारी के हवाले से खबर दी है कि उत्तरी वजीरिस्तान के मीरन शाह कस्बे के डांडे डार्पा खेल इलाके के एक मकान पर दो मिसाइलें दागी गईं। इस हमले में करीब 12 लोग घायल भी हो गए।
अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, "हमला एक अफगान शरणार्थी परिवार को निशाना बनाकर किया गया और इसमें 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी हैं।"
इस हमले के बाद तालिबानी आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों की तीन चौकियों को निशाना बनाया। मुठभेड़ घंटों तक चली लेकिन इस दौरान किसी के हताहत होने के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
उत्तरी वजीरिस्तान अल कायदा और तालिबानी आतंकवादियों का गढ़ माना जाता है जहां से वे अफगानिस्तान में मौजूद अमेरिका की अगुवाई वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं।
अमेरिकी सुरक्षा बलों ने इस इलाके में दर्जनों ड्रोन हमले किए हैं। गत पांच अगस्त को हुए ऐसे ही एक हमले में पाकिस्तानी तालिबानियों के सरगना बेतुल्लाह मेहसूद के मारे जाने की खबर है। तालिबानियों ने जहां उसकी मौत की खबर को गलत बताया है वहीं पाकिस्तानी और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह लगभग तय है कि मेहसूद मारा जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications