स्वाइन फ्लू से मृतकों की संख्या 48 हुई (राउंडअप)
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में शुक्रवार को कहा गया कि इस बीमारी से अब तक देश में 48 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्यवार मृतकों के आंकड़े इस प्रकार हैं : महाराष्ट्र (27), कर्नाटक (11), गुजरात (5), तमिलनाडु (2), दिल्ली (2) और केरल (1)।
बयान के अनुसार शुक्रवार को 138 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से सबसे 62 मामले पुणे से सामने आए हैं। इसके अलावा चेन्नई (10), दिल्ली (12), बेंगलुरू (19), एर्नाकुलम (7) शामिल हैं।
अब तक 13364 लोगों की जांच की गई जिसमें से 2539 में फ्लू की पुष्टि हुई है।
उधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों की एक बैठक में देश में स्वाइन फ्लू के फैलाव के मुद्दे पर ठीक से काम न करने के लिए शुक्रवार को राज्य सरकारों को जम कर खरी-खोटी सुनाई।
आजाद ने बैठक में कहा, "हम यहां पर 20 से 24 घंटे तक काम करते हैं और आप सब ऐश करते हैं।"
आजाद ने राज्य सरकारों को निर्दयी तक कह डाला। इस पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों ने आजाद की भाषा को असंसदीय करार दिया।
20 निजी प्रयोगशालाओं को मिली जांच की इजाजत :
केंद्र सरकार ने देश भर में 20 निजी प्रयोगशालाओं को स्वाइन फ्लू से जुड़ी जांच करने की इजाजत देने के साथ ही सरकारी प्रयोगशालाओं की संख्या में भी इजाफा किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "हमने स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सरकारी प्रयोगशालाओं की संख्या 18 से बढ़ाकर 23 कर दी है। 20 निजी प्रयोगशालाओं को भी जांच करने की इजाजत दी गई है।"
आजाद ने इस संदर्भ में कोई विवरण नहीं दिया। उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य मंत्रालय निरीक्षण करने के बाद और प्रयोगशालाओं को जांच करने की इजाजत देगा, बशर्ते उनकी गुणवत्ता सटीक होनी चाहिए।"
चेन्नई में एक की मौत :
चेन्नई के एक 47 वर्षीय व्यक्ति की स्वाइन फ्लू के कारण गुरुवार की रात यहां मौत हो गई। स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने के बाद भी यह व्यक्ति अस्पताल से भाग गया था। उसे बाद में दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गवर्नमेंट जनरल हॉस्पीटल के डीन मोहना सुंदरम ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "फ्रांसिस को स्वाइन फ्लू के लक्षणों के साथ 13 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के लिए नमूने लिए जाने के बाद वह बिना बताए अस्पताल से चला गया था।"
नमूनों में वायरस की पुष्टि होने के बाद अस्पताल ने सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग को सतर्क किया। उसके बाद फ्रांसिस को यहां एक निजी अस्पताल में पाया गया।
फ्रांसिस की हालत बिगड़ती गई। उसे गंभीर निमोनिया हो गया। उसने निजी अस्पताल के चिकित्सकों को यह नहीं बताया कि उसने टैमीफ्लू की खुराक ली है।
सुंदरम के अनुसार पीड़ित को 19 अगस्त को गवर्नमेंट जनरल अस्पताल में दोबारा लाया गया और उसे एक बार फिर टैमीफ्लू की खुराक देनी शुरू की गई, लेकिन गुरुवार की रात उसका निधन हो गया।
मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू से राहत :
मध्य प्रदेश के लोगों के लिए यह अच्छी खबर है क्योंकि पिछले तीन दिनों में यहां स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों का एक भी मामला सामने नहीं आया हैं। शुक्रवार को एक और संदिग्ध मरीज के नमूने की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रदेश में अब तक मिले संदिग्ध मरीजों की संख्या 70 है।
बिहार में एक संदिग्ध मरीज :
बिहार में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के एक संदिग्ध मरीज का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। राज्य से अब तक 10 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। प्रदेश में स्वाइन फ्लू से अब तक एक मरीज की पुष्टि हुई है।
उत्तर प्रदेश में 4 नए मामले :
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 4 नए मामले सामने आने के बाद अब तक प्रदेश में कुल स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 49 पहुंच चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications