भारी बारिश के कारण दिल्ली की रफ्तार थमी (लीड-1)
दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.15 बजे तक भारी बारिश हुई। तूफानी हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस कारण लोगों को यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सफदरजंग मौसम विभाग के अनुसार सिर्फ दो घंटे के भीतर 74 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। तापमान गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले एक या दो दिन तक एक बार फिर जोरदार बारिश होने की संभावना है।
बारिश शुरू होने के साथ घंटे भर में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। कई जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल ने काम करना बंद कर दिया।
सड़कों पर जलजमाव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पानी भरे होने के कारण गाड़ियां रेंग-रेंग कर चल रही थीं, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी दिक्कत हो रही थी।
एक सरकारी कर्मचारी स्वाति सिंह ने कहा, "आज सुबह मौसम साफ था। हमें आशा नहीं थी कि शाम में ऐसी स्थिति हो जाएगी। सड़कों पर जाम को देखकर मैं भयभीत हूं। मैं समय पर घर पहुंचना चाहती हूं।"
तूफानी बारिश के कारण इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर शाम की उड़ानें या तो रद्द कर दी गईं या फिर उनका समय परिवर्तित कर दिया गया। तूफान के कारण घरेलू हवाई अड्डे के नए टर्मिनल की इमारत को नुकसान पहुंचा है।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "भारी बारिश के कारण दिल्ली पहुंचने वाली सभी उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। हमने एयरलाइन कंपनियों को स्थिति सुधरने तक किसी अन्य उड़ान को संचालित नहीं करने की सलाह दी है।"
अधिकारी ने बताया कि नवनिर्मित टर्मिनल-1डी का एक हिस्सा जमीन में धंस गया है, हालांकि यह नुकसान बड़ा नहीं है। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications