रंगकर्मी शंभु मित्र पर फिल्म का प्रदर्शन 22 को
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। प्रसिद्ध रंगकर्मी शंभु मित्र पर बनाई गई फिल्म 'ईमानदार रंगमंच : एक खोज' का प्रदर्शन नई दिल्ली के रवींद्र भवन के कौस्तुभ सभागार में शाम छह बजे शनिवार को किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का आयोजन ललित कला अकादमी एवं नटरंग प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वाधान में किया गया है।
नाट्य प्रस्तुति के पारंपरिक रूप को तोड़कर एक नया मुहावरा गढ़ने वाले मित्र ने रंगमंच का अपना सफर 1939 में कोलकाता में रंगमहल संस्था से जुड़कर शुरू किया। इसके बाद 1943 में वाम आंदोलन से प्रभावित होकर वह इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन (इप्टा) से जुड़ गए।
वर्ष 1948 में उन्होंने अपनी संस्था बहुरूपी की स्थापना की जिसे बंगाल में रंगमंच आंदोलन को दिशा देने का सम्मान प्राप्त है।
मैगसेसे और पद्मभूषण सम्मान के साथ ही कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजे गए शंभु मित्र का जन्म 22 अगस्त 1915 को हुआ था और 82 वर्ष की अवस्था में 18 मई 1997 को उनका निधन हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications