नाबालिगों के साथ 2 साल तक करता रहा बलात्कार
जिले के सारनाथ थाना-प्रभारी प्रेमवीर राणा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि सारनाथ इलाके में होटल चलाने वाले पेंपा छेरिन(40) को दो नाबालिग लड़कियों (12 व 8 वर्ष) की शिकायत पर गुरुवार देर शाम गिरफ्तार किया गया है। दोनों लड़कियां आरोपी के होटल में काम करती थीं।
राणा ने बताया कि पीड़ित लड़कियां आरोपी होटल मालिक से बचकर पुलिस के पास आईं और होटल मालिक के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने बताया कि पीड़ित लड़कियों की चिकित्सीय जांच में उनके साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है।
पुलिस के मुताबिक छेरिन अपनी पत्नी के साथ गत 13 साल से होटल चला रहा था। छेरिन की पत्नी दो साल पहले पीड़ित लड़कियों को उड़ीसा से यह कहकर ले आई थी कि वह ब्यूटी पार्लर चलाती है और दोनों को अपने अच्छे पैसे पर नौकरी दे देगी।
राणा ने कहा कि हम छेरिन की पत्नी से भी पूछताछ कर रहे हैं। इसके अलावा पीड़ित लड़कियों को वापस उनके घर भेजने के लिए हम उड़ीसा पुलिस के संपर्क में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications