तमिलनाडु उपचुनाव में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन विजयी
डीएमके प्रत्याशी बारगुर, कुम्बम और इल्यानगुड़ी में जीत गए हैं जबकि कांग्रेस उम्मीदवार तोंडमुतूर और श्रीवेइकुंदम में सफल रहे हैं।
इस सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने संवाददाताओं से कहा कि यह राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा डीएमके और उसके सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं की जीत है।
इन उपचुनावों का राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टियों ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) तथा पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) ने बहिष्कार किया था। उन्होंने चुनावों के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष नहीं रहने की आशंका व्यक्त की थी। तमिल फिल्मों के अभिनेता विजयकांत की पार्टी डीएमडीके पांचों सीटों पर दूसरे स्थान पर रही।
इसके साथ ही 235 सीटों वाली राज्य विधानसभा में डीएमके की सदस्य संख्या 98 और कांग्रेस की सदस्य संख्या 36 हो गई जबकि अन्य दलों में एआईएडीएमके की सदस्य संख्या 57, पीएमके की 18, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की नौ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की छह एमडीएमके की तीन तथा डीएमडीके की एक सीट हो गई। दो सीटें निर्दलीयों के पास हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications