लालू-मुलायम से मेरे संबंध मधुर : राहुल
रायपुर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से उनके संबंध बहुत मधुर हैं।
रायपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कांग्रेस में विलय की संभावना के बारे में पूछे गए एक सवाल पर राहुल ने कहा, "राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के साथ-साथ लालू और मुलायम से भी मेरे मधुर संबंध हैं।"
छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आए राहुल ने कहा, "मैं प्रतिभावान युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और युवक कांग्रेस में मैंने इसकी शुरुआत कर दी है।"
एनएसयूआई और युवक कांग्रेस में सिर्फ धनाढ्य और आपराधिक पृष्ठभूमि के युवाओं के शामिल होने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है। एनएसयूआई और युवक कांग्रेस में एक से एक प्रतिभावान युवा हैं। हालांकि पैसे वाले लोग भी इन दोनों संगठनों में घुस आए हैं लेकिन 90 फीसदी समस्याओं को हमने सुलझा लिया है और शेष बची 20 फीसदी समस्या का भी जल्द ही हल निकाल लिया जाएगा।"
राहुल ने कहा, "मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि बहुत ऐसे युवा हैं जो धनी परिवारों से नहीं है लेकिन जो सक्षम हैं, एनएसयूआई और युवक कांग्रेस से जुड़े हैं। मैं एक ऐसा तंत्र बनाना चाहता हूं जिससे सिर्फ प्रतिभासंपन्न युवा ही उभर कर सामने आए।"
उन्होंने कहा, "हमारे यहां पंचायत से लेकर ब्लॉक और जिला व राज्य स्तर तक लोकतांत्रिक तरीके से हर कोई चुना जा सकता है। प्रतिभावान युवाओं को इसमें तरजीह दी जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications