अमेरिका और पाकिस्तान नए सिरे से करेंगे रणनीतिक वार्ता
इस्लामाबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अमेरिका ने विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की अक्टूबर में प्रस्तावित पाक यात्रा के दौरान दोनों पक्षों की चौथे दौर की रणनीतिक वार्ता को नए सिरे से शुरू करने और उसे मंत्रिस्तरीय करने पर सहमति व्यक्त की है।
दोनों पक्षों में बातचीत क्लिंटन तथा पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी की अगुवाई में होगी। डॉन ने शुक्रवार को खबर दी है कि इस वार्ता की अगुवाई का दायित्व क्लिंटन को सौंपकर अमेरिका ने इसका स्तर बढ़ाया है।
पत्र के अनुसार इस साल चौथे दौर की बातचीत कराने के पाकिस्तान के अनुरोध को अमेरिका द्वारा दो बार नजरंदाज किया जाना इस नजरिये को पुष्ट करता है कि अमेरिका पाकिस्तान को अफगान प्रिज्म के जरिए देखता है।
पाकिस्तान-अमेरिका रणनीतिक वार्ता का आरंभ वाशिंगटन में अप्रैल 2006 को हुआ था। यह वार्ता पाकिस्तानी विदेश सचिव रियाज मोहम्मद खान और तत्कालीन अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री निकोलस बर्न्स की अध्यक्षता में हुई थी।
दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक वार्ता शुरू करने का फैसला पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने मार्च 2006 में लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications