आस्ट्रेलिया की उपप्रधानमंत्री का भारत दौरा इसी महीने
सिडनी, 21 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया की उपप्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड भारत के साथ अपने देश के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए इसी महीने वहां का दौरा करेंगी।
गिलार्ड की इस यात्रा के बाद आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री केविन रुड भी भारत का दौरा करेंगे। समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार वर्ष 2007 में सत्ता पर आसीन होने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।
गिलार्ड ने कहा कि उनकी यात्रा से इस महत्वपूर्ण आर्थिक भागीदार के साथ आस्ट्रेलिया के रिश्ते प्रगाढ़ होंगे। वह अपनी यात्रा के दौरान नई दिल्ली और चेन्नई जाएंगी।
वह इस दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल और अन्य सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा उनका आस्ट्रेलिया में पढ़ चुके भारतीय छात्रों से भी मिलने का कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि वह विदेशी छात्रों के लिए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए आस्ट्रेलिया सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की भी वहां जानकारी देंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications