ऑस्कर से ज्यादा महत्वपूर्ण गांव का विकास
पिंकी के पिता राम सजीवन ने गुरुवार शाम को लखनऊ में लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेज के एक कार्यक्रम के दौरान आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हमारे लिए ऑस्कर से ज्यादा गांव का विकास महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि स्माइल पिंकी को ऑस्कर मिलने के बाद मिर्जापुर जिला प्रशासन की तरफ से हमारे गांव रामपुर ढेबाई के लोगों का जीवन स्तर सुधारने के संबंध में कई विकास योजनाओं की घोषणाएं की गई थीं।
अधिकारियों ने हमारे गांव आकर आश्वस्त किया था कि गांव को बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करा यहां पर अस्पताल और सामुदायिक केंद्र बनाएंगे। लेकिन अभी तक तक ये सभी विकास योजनाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।
राम सजीवन ने कहा कि हमें उन विकास योजनाओं के ताजा हालात के बारे में जानकारी के लिए सरकारी महकमों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की तरफ से हमें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
स्थानीय प्रशासन के ढुलमुल रवैये से परेशान राम सजीवन अब मुख्यमंत्री मायावती से मिलना चाहते हैं। वह कहते हैं कि अब बहन जी (मुख्यमंत्री मायावती) ही हमारी आखिरी उम्मीद हैं। केवल वही अब हमारे गांव का विकास करवा सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।