सस्ती दाल बेचने से पीछे हट रही मप्र सरकार!
मध्य प्रदेश में तुअर दाल 85 रुपये प्रति किलो के भाव को पार कर चुकी है। दाल के भाव में आए उछाल ने हर किसी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। आम आदमी को रियायती दर पर दाल उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने एक योजना बनाई थी।
इसके तहत विदेशों से दाल आयात करके मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के जरिए बेचा जाना था।
सरकार ने दाल आयात पर एक पखवाड़े से अधिक समय तक होमवर्क करने के बाद पाया है कि तमाम कोशिशों के बावजूद वह उपभोक्ता को 80 रुपए प्रति किलो से कम पर दाल उपलब्ध नहीं करा सकेगी।
प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री पारस जैन ने गुरुवार को आईएएनएस से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की सस्ती दर पर दाल बेचने की योजना है। विभाग ने पाया है कि दाल की आयात कीमत 55 रुपए प्रति किलो है और तमाम प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद कुल लागत 80 प्रति किलो आएगी। इस स्थिति में केंद्र से सब्सिडी मिलने पर ही उपभोक्ता को सस्ती दाल उपलब्ध कराई जा सकेगी।
जैन आगे कहते हैं कि आयात की जाने वाली दाल के आने में वक्त लग सकता है तथा बाजार में तब तक नई दाल आने की भी संभावना है। नई दाल के आने पर भाव में गिरावट तय है और सरकार आयात कर महंगे भाव में दाल बेचेगी तो उसे कौन खरीदेगा? इस स्थिति ने सरकार को मुश्किल में डाल दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications