हत्या मामले में आरोपी पूर्व सांसद गिरफ्तार (लीड-1)
मृतक सत्येन्द्र सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह ने विजय कृष्ण की गिरफ्तारी के लिए राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा बिहार पुलिस को धन्यवाद दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अब पूर्व सांसद का पुत्र चाणक्य भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने पूर्व में मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि मेरे पति की हत्या राजनीतिक विद्वेष का परिणाम है।
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत विनायक ने पत्रकारों को बताया कि पटना पुलिस को एक सप्ताह पूर्व ही हत्या के आरोपी विजय कृष्ण के फरीदाबाद में छुपे होने की जानकारी मिली थी। एक सप्ताह पूर्व से ही पटना पुलिस दिल्ली में डेरा जमाये हुए थी। जैसे ही पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली वैसे ही आज बिहार और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने उस जगह की घेराबंदी कर दी और पूर्व सांसद को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आज देर रात तक उनके पटना लाए जाने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि जनता दल (युनाइटेड) के नेता एवं ट्रांसपोर्टर सत्येन्द्र सिंह की हत्या के मामले में पूर्व सांसद विजय कृष्ण तथा उनके बेटे चाणक्य मुख्य अभियुक्त बनाया गया था।
आरोप है कि पटना के एक अपार्टमेंट के एक फ्लैट में इन दोनों ने मिलकर 23 मई को सत्येन्द्र सिंह की हत्या कर दी थी तथा शव को गंगा नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने उक्त शव 11 जून को गंगा नदी से बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने विजय कृष्ण के अंगरक्षक उमेश सिंह तथा नौकर गगन को गिरफ्तार कर चुकी है। चाणक्य को अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
ज्ञात हो कि न्यायालय के आदेश के बाद पूर्व सांसद के पटना तथा उनके पैतृक निवास की पुलिस ने कुर्की जब्ती भी कर चुकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications