केंद्रीय दल ने देखे बुंदेलखंड में भुखमरी के हालात
बुधवार को उत्तर प्रदेष के बुन्देलखण्ड में केन्द्र सरकार के संयुक्त सचिव (कृषि) संजीव गुप्त के नेतृत्व में आई 11 सदस्सीय सूखा जांच दल की टीम ने बांदा के अतर्रा तहसील के दतौरा व दुबरिया गांव में खेतों में जाकर सूखी फसलों का जायजा लिया।
दौरे के बाद संयुक्त सचिव ने आईएएनएस से कहा कि समूचे बुंदेलखंड की स्थिति बहुत ही खराब है, यहां भुखमरी जैसे हालात हैं। उन्होंने कहा कि कि बांदा और चित्रकूट में कम वर्षा होने से 70 फीसदी फसल सूख गई है।
केंद्रीय दल ने माना कि सिंचाई की व्यवस्था न होने से स्थिति और भयावह हो गई है। संयुक्त सचिव ने कहा कि यह जांच रिपोर्ट तीन केन्द्रीय मंत्रियों की बनी समिति को सौंपने बाद मदद की कार्ययोजना बनेगी।
संयुक्त सचिव ने जिलाधिकारी रंजन कुमार को निर्देश दिया कि यहां फौरी तौर पर पशुओं के कैम्प लगाकर चारे व पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। बांदा के बाद इस जांच दल ने चित्रकूट जिले के रैपुरवा माफी में सूखे के हालातों का आकलन किया।
कर्वी विधायक दिनेश मिश्रा व नरैनी विधायक पुरुषोत्तम द्विवेदी ने भी इस दल को बदहाल किसानों के हालातों की जानकारी दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications