असम में रैंगिग मामले में 2 छात्र गिरफ्तार
गुवाहाटी स्थित के.सी.दास वाणिज्य महाविद्यालय के छात्र ह्रदयनंद बरुआ और गुवाहाटी वाणिज्य महाविद्यालय के अंजन बुजरबरुआ को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार किया। दोनों छात्रों के खिलाफ संबंधित महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।
रैंगिग मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी एफ.बारघुयान ने कहा, "के.सी.दास वाणिज्य महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि ह्रदयनंदा बरुआ रैंगिंग के एक मामले संलिप्त है। शिकायत के आधार पर हमने छात्र को गिरफ्तार किया।"
बारघुयान ने कहा कि बाद में ह्रदयनंदा के बयान के आधार पर हमने उसके दोस्त अंजन बुजरबरुआ को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि ह्रदयनंदा ने बताया कि घटना के वक्त अंजन भी उसके साथ था।
के.सी.दास वाणिज्य महाविद्यालय के प्रधानाचार्य हितेश डेका ने कहा कि ह्रदयनंद के खिलाफ महाविद्यालय की छात्राएं लगातार शिकायत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिकायत थी कि ह्रदयनंद उन्हें लगातार तंग कर रहा है।
डेका ने कहा कि ह्रदयनंद को महाविद्यालय से भी निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इससे पहले 14 अगस्त को डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय ने रैगिंग के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए एक छात्र को निष्कासित कर दिया था, जबकि आठ अन्य छात्रों पर आर्थिक दंड लगाने का फैसला किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications