स्वाइन फ्लू : दिल्ली में 2 मौतें, देश में मृतकों की तादाद 32 हुई (लीड-1)
गुड़गांव निवासी सम्राट पांड्या की गुरुवार को दो बार दिल का पड़ने से मौत हो गई। उसे चार दिन पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन. के. चतुर्वेदी ने बताया कि उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था और उसके हृदय और फेफेड़ों ने काम करना बंद कर दिया था।
उन्होंने बताया कि सम्राट ना तो विदेश से लौटा था और ना ही इस वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति के संपर्क में आया था। उसके पिता ने आरोप लगाया है कि सम्राट की मौत चिकित्सकों की लापरवाही से हुई। उन्होंने कहा कि आज सुबह तक उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि सम्राट को स्वाइन फ्लू है।
उधर, चतुर्वेदी ने सम्राट के पिता के इन आरोपों को गलत बताया है।
इससे पहले बुधवार रात रेणु गुप्ता नाम की महिला की भी दो बार दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मॉडल टाउन की रहने वाली रेणु गत 15 अगस्त को सिंगापुर से लौटी थीं और तभी से उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण थे।
चतुर्वेदी ने संवाददाताओं को बताया, "वह निजी चिकित्सकों के पास गईं जिन्होंने उन्हें सरकारी अस्पताल में जाने की सलाह दी। गत 20 अगस्त को रेणु को गंभीर हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें भी जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया। उसके नमूनों की जांच के नतीजों में उन्हें स्वाइन फ्लू से गंभीर से संक्रमित बताया गया। "
उन्होंने बताया कि राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इस समय स्वाइन फ्लू के पांच मरीजों का इलाज चल रहा है। उन सभी की हालत स्थिर बनी हुई है।
उन्होंने बताया, "लोगों को सावधान रहने की जरूरत है और अगर उनमें फ्लू जैसे लक्षण दिखें तो उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल में जाना चाहिए। इससे भयभीत होने की कोई जरूरत नहीं है।"
उन्होंने कहा कि फ्लू जैसे लक्षणों के लिए लोगों की जांच में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले हम स्वाइन फ्लू की जांच के लिए रोजाना 130-140 नमूने भेज रहे थे लेकिन अब इन मामलों की संख्या 15 रह गई है।"
उधर पुणे के निजी अस्पतालों में भी बुधवार को दो और व्यक्तियों की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। महाराष्ट्र स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के प्रमुख प्रदीप आवटे ने बुधवार रात आईएएनएस को बताया कि 52 वर्षीय विजय अवधाडे की केईएम अस्पताल और 62 साल के नरेंद्र देशपांडे की सहयाद्री अस्पताल में मौत हो गई।
महाराष्ट्र में अब तक स्वाइन फ्लू से 21 मौते हो चुकी हैं।
देश में बुधवार को एच1एन1 के संक्रमण के 216 मामले सामने आए। इसके साथ ही देश में इससे संक्रमित लोगों की संख्या 2243 हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications