पटरी से उतरी कुशीनगर एक्सप्रेस

बस्ती के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के प्रभारी किशोरी प्रसाद चौहान ने बताया कि यह हादसा बुधवार सुबह 6.20 मिनट पर ओडवारा रेलवे स्टेशन के निकट हुआ। कुशीनगर एक्सप्रेस डाउन (1016) के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना में पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
चौहान ने कहा कि रेलगाड़ी स्टेशन से छूटी ही थी कि यह हादसा हो गया। उस वक्त ट्रेन की रफ्तार कम थी और भीड़ भी मामूली थी जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हो पाई।
दुर्घटना के बाद से गोरखपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर रेलगाड़ियों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक क्षतिग्रस्त मार्ग ठीक किया जा रहा है। बहुत जल्द रेलगाड़ियों की आवाजाही बहाल हो जाएगी। रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने हादसे के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications