शिमला में अलग-थलग पड़े जसवंत
शिमला, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मोहम्मद अली जिन्ना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह की किताब से उठे विवाद की छाया शिमला में आयोजित चिंतन बैठक के पहले भी दिखाई दी। शिमला में मौजूद जसवंत सिंह अन्य भाजपा नेताओं से अलग होटल में ठहरे और लालकृष्ण आडवाणी की ओर से दिए गए रात्रिभोज से अनुपस्थित रहे।
अपनी किताब 'जिन्ना-भारत,विभाजन,स्वतंत्रता' से पार्टी नेताओं की नाराजगी झेल रहे जसवंत सिंह चिंतन बैठक में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार शाम को शिमला पहुंचे थे।
लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह और सुषमा स्वराज सहित अन्य नेता राज्य सरकार के गेस्ट हाउस 'पीटरहॉफ' में ठहरे हैं वहीं जसवंत सिंह ओबेरॉय समूह के होटल 'सेसिल' में ठहरे।
एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि जसवंत सिंह के ठहरने का भी इंतजाम राज्य सरकार के गेस्ट हाउस में किया गया था लेकिन अंतिम समय में हमें जानकारी मिली कि वह कहीं बाहर ठहरेंगे।
अपना नाम जाहिर न करने की शर्त पर नेता ने बताया कि बाहर ठहरने के अलावा मंगलवार शाम को आडवाणी द्वारा दिए रात्रिभोज में भी जसवंत सिंह ने शिरकत नहीं की।
चिंतक बैठक में लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह के निर्देश की राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा अवहेलना करने का मामला भी चर्चा के दौरान उठ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications