अफगानिस्तान में बंदूकधारियों ने बैंक पर कब्जा जमाया (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए ने आंतरिक मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता जेमाराय बशारी के हवाले से खबर दी है, "हमारे सुरक्षाकर्मी भी बैंक में दाखिल हो चुके हैँ और वे इन बंदूकधारियों को वहां से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।"
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि काबुल के समीप जेदेह माएवंद में पुलिस द्वारा पीछा करने के बाद सशस्त्र व्यक्ति एक छोटी कार में सवार होकर आए और बैंक में जा घुसे।
हाजी दिलबर नाम के दुकानदार ने बताया, "अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। मैंने बाहर निकलकर देखा कि कई लोग बैंक में दाखिल हो रहे हैं।"
क्षेत्र में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियारबंद व्यक्ति लुटेरे हैं जबकि बशारी का कहना है, "मैं नहीं जानता कि वे अपराधी हैं या आतंकवादी। हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।"
यह घटना ऐसे समय हुई है जब देश में गुरुवार को राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान होने वाला है।
गत शनिवार से ही काबुल आत्मघाती हमलावरों और रॉकेट हमलों का निशाना बन रहा है। इन हमलों में 14 नागरिक मारे गए थे और 140 से ज्यादा घायल हो गए थे।
मंगलवार को भी एक आत्मघाती हमलावर ने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सुरक्षा बलों को काबुल के उत्तरी हिस्से में निशाना बनाया था। इस हमले में सात नागरिकों सहित 10 लोग मारे गए थे और 50 से ज्यादा घायल हो गए थे।
तालिबानी आतंकवादियों ने अफगान नागरिकों से राष्ट्रपति चुनावों का बहिष्कार करने को कहा है और उनमें बाधा पहुंचाने का संकल्प लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications