प्रधानमंत्री के बयान से असम में सहयोगी दल खफा
गुवाहाटी, 19 अगस्त (आईएएनएस)। असम में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के प्रमुख सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान पर नाराजगी जताई है जिसमें उन्होंने कहा था कि बोडोलैंड इलाके के लिए आवंटित 750 करोड़ रुपये के पैकेज का इस्तेमाल संतोषजनक ढंग से नहीं किया गया है।
बीपीएफ के नेता और 'बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल' (बीटीसी) के प्रमुख हगरामा मोहिलरी ने आईएएनएस से कहा, "पहली बात कि प्रधानमंत्री का यह आंकड़ा गलत है कि बोडोलैंड इलाके के विकास के लिए 750 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई थी। पैकेज 500 करोड़ रुपये का था और अभी पूरी राशि मिलना बाकी है।"
सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्रियों की बैठक में कहा था कि बोडोलैंड इलाके के विकास के लिए 750 करोड़ रुपये के पैकेज का इस्तेमाल संतोषजनक ढंग से नहीं किया गया है।
असम में 10 विधायकों वाली बीपीएफ के राज्यसभा सदस्य विश्वजीत दैमरी ने कहा, "ऐसा लगता है कि कुछ लोगों ने बोडोलैंड के लिए आवंटित कोष के बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय को भ्रमित किया है। हम प्रधानमंत्री की ओर से गलत आंकड़ा सुनकर स्तब्ध और अचंभे में हैं।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री को बोडलैंड का दौरा कर विकास कार्यो को खुद देखने दीजिए। हम इस मामले में किसी भी जांच का स्वागत करते हैं।"
प्रधानमंत्री के बयान से खफा बीपीएफ के नेताओं ने मंगलवार को मोहिलरी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह सचिव जी. के. पिल्लई से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications