काबुल में हथियारबंद लोग बैंक में घुसे
काबुल, 19 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में राष्ट्रपति पद के चुनावों के लिए गुरुवार को होने वाले मतदान से महज एक दिन पहले बुधवार सुबह राजधानी काबुल में कई सशस्त्र व्यक्ति एक बैंक की इमारत में जा घुसे और पुलिस के साथ उनकी झड़पें जारी हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार स्थानीय समय के अनुसार सुबह सात बजे बैंक में जबरन घुसे लोगों के खिलाफ पुलिस के हरकत में आते ही मुठभेड़ शुरू हो गई। आंतरिक मामलों के अधिकारी जमाराइ बशारी ने बताया कि बैंक में दाखिल होने वाले आतंकवादियों की तादाद तीन या चार है।
बशीर ने तोलो टेलीविजन चैनल को बताया कि घुसपैठिए पशताने बैंक में जा घुसे और पुलिस अब तक सिर्फ दो मंजिलों से ही उन्हें हटा पाई है। ताजा समाचार मिलने तक पुलिस कार्रवाई जारी थी।
यह अब तक पता नहीं चल सका है कि घुसपैठिए तालिबानी आतंकवादी हैं या लुटेरे।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब देश में गुरुवार को राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान होने वाला है।
गत शनिवार से ही काबुल आत्मघाती हमलावरों और रॉकेट हमलों का निशाना बन रहा है। इन हमलों में 14 नागरिक मारे गए थे और 140 से ज्यादा घायल हो गए थे।
तालिबानी आतंकवादियों ने अफगान नागरिकों से राष्ट्रपति चुनावों का बहिष्कार करने को कहा है और उनमें बाधा पहुंचाने का संकल्प लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications