सूखा राहत के लिए कांग्रेस नेता देंगे वेतन का 20 फीसदी
सूखे और महंगाई पर चर्चा के लिए बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया ने यह प्रस्ताव रखा।
कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रस्ताव किया है कि पार्टी के सभी सांसद, विधायक, मंत्री और वेतन पाने वाले सभी पदाधिकारी स्वेच्छा से अपने वेतन का 20 फीसदी हिस्सा एक सितम्बर से एक साल तक के लिए सूखा राहत के लिए दें।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बैठक में कहा कि सूखे और महंगाई की स्थिति अच्छी नहीं है लेकिन देश में इससे निपटने की पूरी क्षमता है।"
कांग्रेस कार्यसमिति के 52 में 49 सदस्यों ने आज की बैठक में हिस्सा लिया। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और केंद्रीय मंत्र विलासराव देशमुख दिल्ली से बाहर थे इसलिए वे इस बैठक में हिस्सा नहीं ले सके।
बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी बुलाया था। कांग्रेस शासित राज्यों के 12 में से 10 मुख्यमंत्रियों ने बैठक में हिस्सा लिया जबकि मेघालय के मुख्यमंत्री डी.डी. लापांग और मिजोरम के मुख्यमंत्री पी. लालथनहावला इसमें शरीक नहीं हो सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications