इराक विस्फोटों में मृतकों की संख्या बढ़कर 75 हुई (लीड-3)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार बगदाद के सरकारी कार्यालयों के समीप हुए इन विस्फोटों में 300 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।
एक अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने के आग्रह के साथ सिन्हुआ को बताया किदो ट्रक विस्फोटों में मृतकों की संख्या 75 और घायलों की संख्या 310 हो गई है।
विस्फोट की पहली घटना दोपहर में वजीरिया जिले में वित्त मंत्रालय के समीप एक पुल पर हुई। विस्फोट से पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। टेलीविजन दृश्यों में दिखाया गया है कि वित्त मंत्रालय की 10 मंजिला इमारत को इससे भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद लगी भीषण आग को बुझाने के लिए दमकल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
विस्फोट की दूसरी घटना विदेश मंत्रालय के समीप अत्यधिक सुरक्षा वाले ग्रीन जोन क्षेत्र में हुई। विस्फोटकों से लदे एक ट्रक को मंत्रालय के पार्किं ग क्षेत्र के समीप उड़ाया गया। इसी जगह बहुत से देशों के दूतावास हैं।
शक्तिशाली विस्फोट से विदेश मंत्रालय की इमारत को तो क्षति पहुंची ही, इसके समीप स्थित संसद भवन की इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई। विस्फोट से घटनास्थल पर तीन मीटर गहरा गड्ढा हो गया।
विस्फोटों से आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए और अल-राशिद होटल के कांच टूट गए, जहां बहुत से विशिष्ट व्यक्ति तथा पत्रकार ठहरते हैं।
शिया मौलवी मक्तदा अल सद्र के आंदोलन से संबद्ध एक सांसद जैनब अल कनानी ने कहा, "इन धमाकों के पीछे बाथ पार्टी के सदस्यों का हाथ हो सकता है। बगदाद में ये सभी विस्फोट सुरक्षा बलों की लापरवाही दर्शाते हैं। आंतरिक और रक्षा मंत्रालयों को सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करनी चाहिए।"
बुधवार को ग्रीन जोन में स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर हुए शक्तिशाली बम विस्फोट की छठी बरसी भी है। इस विस्फोट में करीब 22 लोग मारे गए थे। इराक में अमेरिकी नेतृत्व वाली फौजों के हमले और पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद यह सबसे बड़ा विस्फोट था।
हाल के महीनों में सुरक्षा पुख्ता होने की वजह से ग्रीन जोन पर हमलों में कमी आई है।
अल-जजीरा के अनुसार जुलाई में यहां आतंकी हमलों में 275 लोगों की मौत हुई जबकि उससे पिछले महीने यह संख्या 437 थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications