60 फीसदी ग्रामीण भारत अभी भी पिछड़ा : राहुल
लखनऊ, 19 अगस्त(आईएएनएस)। अमेठी दौरे के तीसरे और आखिरी दिन कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) इलाहाबाद के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 62 सालों के दौरान देश ने काफी प्रगति की लेकिन अभी भी 60 फीसदी ग्रामीण भारत संचार मध्यमों, बिजली और सड़कों के मामले में काफी पिछड़ा है।
आईआईआईटी इलाहाबाद की अमेठी के टीकरमठी स्थित शाखा में बुधवार को छात्रों को प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होने आए राहुल ने कहा, "आजादी के 62 साल बीतने के बाद हमारे देश ने हर क्षेत्र में अपेक्षाकृत काफी विकास किया है लेकिन अभी भी देश के 60 फीसदी ग्रामीण हिस्से में न बेहतर संचार माध्यम हैं, न ही बेहतर सड़कें और न ही बेहतर बिजली की व्यवस्था है।"
राहुल ने छात्रों से कहा, "आपके माता-पिता ने 25-26 साल तक आपकी देखभाल की और शिक्षित किया। अब आपकी बारी है कि आप देश की प्रगति और परिवार को समृद्ध बनाने के लिए कुछ करें।"
उन्होंने छात्रों से कहा, "आप गरीबों के पास जाएं और उनकी समस्याओं को समझ्झें। आपने जो सीखा है उसका सही आकलन आप तभी कर पाएंगे जब उनके करीब जाएंगे।"
इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के गांवों के विकास का जायजा लेने के लिए औचक भ्रमण पर निकल गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications