बगदाद में विस्फोटों में 48 मरे, 279 घायल (लीड-2)
बगदाद, 19 अगस्त (आईएएनएस)। इराक की राजधानी बगदाद के मध्य हिस्से में बुधवार सुबह करीब 10 बम विस्फोटों में कम से कम 48 व्यक्ति मारे गए और 279 घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए ने पुलिस सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि वित्त मंत्रालय के समीप हुए एक भीषण कार बम विस्फोट में मोहम्मद अल-कासिम स्ट्रीट को बुरी तरह नुकसान पहुंचा।
कार बम विस्फोट की दूसरी घटना विदेश मंत्रालय के समीप अत्याधिक सुरक्षा वाले ग्रीन जोन क्षेत्र में हुई। इसी जगह बहुत से देशों के दूतावास हैं।
पुलिस ने बताया कि कम से कम दो मोर्टार ग्रीन जोन के भीतर आकर गिरे। तीसरा मोर्टार इसके ऐन बाहर गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने कम से कम 10 धमाके सुने हालांकि उनकी वजह तत्काल मालूम नहीं हो सकी।
पुलिस ने बताया कि विस्फोटों से पास ही स्थित संसद की इमारत की खिड़कियों को नुकसान पहुंचा। आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए और अल-राशिद होटल में कांच टुकड़े छितरा गए जहां बहुत से विशिष्ट व्यक्ति तथा पत्रकार ठहरते हैं।
शिया मौलवी मक्तदा अल सद्र के आंदोलन से संबद्ध एक सांसद जैनब अल कनानी ने कहा, "इन धमाकों के पीछे बाथ पार्टी के सदस्यों का हाथ हो सकता है। बगदाद में ये सभी विस्फोट सुरक्षा बलों की लापरवाही दर्शाते हैं। अांतरिक और रक्षा मंत्रालयों को सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करनी चाहिए।"
बुधवार को ग्रीन जोन में स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर हुए शक्तिशाली बम विस्फोट की छठी बरसी भी है। इस विस्फोट में करीब 22 लोग मारे गए थे। इराक में अमेरिकी नेतृत्व वाली फौजों के हमले और पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद यह सबसे बड़ा विस्फोट था।
हाल के महीनों में सुरक्षा पुख्ता होने की वजह से ग्रीन जोन पर हमलों में कमी आई है।
अल-जजीरा के अनुसार जुलाई में यहां आतंकी हमलों में 275 लोगों की मौत हुई जबकि उससे पिछले महीने यह संख्या 437 थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications