जसवंत का भाजपा से निष्कासन गोरखालैंड के लिए वरदान साबित होगा : जीजेएम
सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (आईएएनएस)। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) ने कहा है कि वरिष्ठ नेता और दार्जिलिंग से सांसद जसवंत सिंह को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निकाला जाना अलग गोरखालैंड आंदोलन के लिए वरदान साबित होगा।
जीजेएम की केंद्रीय समिति के सदस्य हरका बहादुर छेत्री ने आईएएनएस से कहा, "जसवंत सिंह अब पार्टी की बेड़ियों से स्वतंत्र हो गए हैं। उन्हें भाजपा से निकाला जाना गोरखालैंड आंदोलन के लिए वरदान साबित होगा। अब वह स्वतंत्र होकर हमारे आंदोलन को और भी मुखर बनाएंगे।"
उन्होंने कहा, "हमने चुनाव में जसवंत सिंह का समर्थन इसलिए किया क्योंकि भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था। भाजपा यदि किसी और को उम्मीदवार बनाती तो हम उसकी जीत भी सुनिश्चित करते। इसलिए भाजपा से हमारे संबंध प्रभावित नहीं होंगे।"
उल्लेखनीय है कि जसवंत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक 'जिन्ना-इंडिया, पार्टिशन, इंडीपेंडेंस' में मोहम्मद अली जिन्ना और सरदार पटेल के बारे में व्यक्त किए विचारों को पार्टी की विचारधारा खिलाफ मानते हुए उन्हें बुधवार को पार्टी से निकाल दिया गया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications