सरकार का नाल्को की हिस्सेदारी बेचने से इंकार
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। सरकार ने नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (नाल्को) और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी बेचने से इंकार किया है।
बुधवार को यह पूछे जाने पर इन दो कंपनियों में सरकार अपनी हिस्सेदारी घटाएगी या नहीं, खान मंत्री बी.के.हांडिक ने कहा,"इन कंपनियों में हिस्सेदारी बेचने की कोई योजना नहीं है। मैं हिस्सेदारी बेचने का कोई कारण नहीं देखता, खासकर नाल्को में।"
भारतीय उद्योग महासंघ (सीआईआई) द्वारा खनन पर आयोजित एक सम्मेलन के दौरान हांडिक ने कहा,"हिस्सेदारी बेचने की कोई आवश्यकता नहीं है, वे पहले से ही मुनाफा अर्जित कर रहीं हैं।"
हांडिक ने कोरिया की इस्पात कंपनी पोस्को पर निश्चित रूप से कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया,जिसके बारे में मंगलवार को उन्होंने कहा था कि उड़ीसा में भूमि अधिग्रहण में आ रही दिक्कतों के कारण वह परियोजना से हटने की योजना बना रही है।
मंत्री ने केवल इतना कहा कि उन्हें भूमि अधिग्रहण में आ रहीं कुछ दिक्कतों का पता है और सरकार इस पर विचार कर रही है।
इसके बाद पोस्को ने कहा कि उसकी उड़ीसा से हटने की कोई योजना नहीं है।
मंगलवार को हांडिक की टिप्पणी के बाद पोस्को के महाप्रबंधक सरोज कुमार महापात्रा ने कहा," परियोजना को उड़ीसा से बाहर ले जाने की कोई योजना नहीं है। न ही हमने ऐसी किसी योजना पर विचार किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications