जिन्ना पर पुस्तक के कारण जसवंत भाजपा से बाहर (लीड-2)
शिमला में बुधवार को आरंभ हुई पार्टी की तीन दिवसीय चिंतन बैठक के पहले ही दिन पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जसवंत के खिलाफ कार्रवाई की यह घोषणा की। उन्होंने संवाददताओं से बातचीत में कहा, "संसदीय बोर्ड ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया है। उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है।"
उन्होंने कहा, "जसंवत सिंह को कल ही यह संदेश भेज दिया गया था कि वह चिंतन बैठक में शामिल न हों।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जसवंत सिंह इस फैसले के बाद पार्टी के किसी फोरम के सदस्य नहीं रहेंगे न ही उनके पास किसी प्रकार का पद अथवा जिम्मेदारी रहेगी।
उन्होंने कहा, "मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि जसंवत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक में मोहम्मद अली जिन्ना के बारे में व्यक्त किए गए उनके विचारों से भाजपा ने खुद को अलग कर लिया है।"
जसवंत चिंतन बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार शाम ही शिमला पहुंच चुके थे। वह अन्य भाजपा नेताओं से अलग होटल में ठहरे और लालकृष्ण आडवाणी की ओर से मंगलवार को दिए गए रात्रिभोज से भी अनुपस्थित रहे।
आडवाणी, राजनाथ सिंह और सुषमा स्वराज सहित अन्य सभी नेता राज्य सरकार के गेस्ट हाउस 'पीटरहॉफ' में ठहरे थे वहीं जसवंत सिंह ओबेरॉय समूह के होटल 'सेसिल' में रात गुजारी।
उल्लेखनीय है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भी वर्ष 2005 में जिन्ना की तारीफ करने के कारण पार्टी अध्यक्ष का पद गंवाना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications