काबुल पर रॉकेट हमला, कोई हताहत नहीं (लीड-1)
काबुल, 18 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में राष्ट्रपति आवास के समीप संदिग्ध तालिबानी आतंकवादियों ने मंगलवार सुबह दो रॉकेट दागे, लेकिन इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए को काबुल के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रॉकेट काबुल के दक्षिणी हिस्से बगरामी से दागे गए।
अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया, "दोनों रॉकेट राष्ट्रपति आवास के समीप आकर गिरे लेकिन खुशकिस्मती से कोई हताहत नहीं हुआ।"
राजधानी काबुल में हजारों की तादाद में अफगान और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं और महज दो ही दिन बाद देश में राष्ट्रपति पद के चुनाव होने वाले हैं।
इसी महीने आतंकवादियों ने दो बार पहले भी यहां रॉकेट दागे थे लेकिन उनमें भी कोई हताहत नहीं हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications