स्वाइन फ्लू के 99 नए मामले, पीड़ितों की संख्या 2026 हुई (राउंडअप)

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। देश में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 99 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2026 हो गई। हालांकि मंगलवार को राहत की बात यह रही कि लगातार दूसरे दिन किसी मरीज की मौत नहीं हुई।

इस बीमारी से अब तक देश में 25 लोगों की मौत हो चुकी है। फ्लू से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में एक केंद्रीय टीम तैनात है जो फ्लू से निपटने के लिए और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने में राज्य सरकार को सहयोग कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार अब तक 10,578 लोगों के नमूने की जांच की गई जिसमें से 2026 फ्लू से पीड़ित पाए गए। इनमें से 708 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।

मंगलवार को सामने आए 99 नए मामलों में बेंगलुरू, मुंबई, पुणे और दिल्ली में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।

नए मामलों में दिल्ली (10), पंचकूला (2), हैदराबाद (2), कोचीन (2), कालीकट (2), गाजियाबाद (1), जयपुर (2), गोवा (1), उडुपी (1), मणिपाल (1), बेंगलुरू (20), अहमदाबाद (3), सूरत (1), सिल्चर (1), डिब्रूगढ़ (2), मुंबई (20), पुणे (18), धुले (3), नासिक (2), कोल्हापुर (1), औरंगाबाद (3) और सतारा (1) शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के मुताबिक देश में अब तक इस बीमारी से 25 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें पुणे (13), मुंबई (2), बेंगलुरू (5), नासिक (1), अहमदाबाद (1), वड़ोदरा (1), चेन्नई (1) और तिरुवनंतपुरम (1) शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल में 53 मामले :

पश्चिम बंगाल में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के छह नए मामलों के साथ ही राज्य में इसके मरीजों की संख्या 53 हो गई। यहां ढाई साल के एक बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है जबकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की भतीजी की हालत स्थिर बनी हुई है।

स्वाइन फ्लू से संबद्ध राज्य के नोडल अधिकारी तपस सेन ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में मंगलवार को छह व्यक्ति स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही राज्य में इस बीमारी के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 53 हो गई।"

उड़ीसा में स्वाइन फ्लू के 2 मामले :

उड़ीसा में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के दो मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज कटक का और दूसरा राउरकेला का है। राज्य से अब तक 27 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिनमें से 17 की रिपोर्ट मिल चुकी है। इनमें से दो में फ्लू की पुष्टि हुई है।

बिहार में आईएएस अधिकारी पीड़ित :

बिहार में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी के स्वाइन फ्लू से ग्रसित होने की पुष्टि हुई है। इस तरह राज्य में इस बीमारी से पीड़ित होने का यह पहला मामला है। मैथ्यु कुछ दिन पूर्व निजी कार्य से लंदन गए हुए थे, जहां से वह पिछले सप्ताह लौटे हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंद किशोर यादव ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कश्मीर में 3 नए मामले :

कश्मीर में स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले सामने आए हैं जबकि दो रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को दी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक एम. ए. वनी ने बताया कि इनमें मरीजों में से दो घाटी से बाहर पढ़ने वाले छात्र तथा एक स्थानीय व्यापारी है।

चंडीगढ़ में 5 नए संदिग्ध मामले :

चंडीगढ़ में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के पांच नए मामले प्रकाश में आए जबकि 35 व्यक्तियों की जांच की रिपोर्ट अभी नई दिल्ली से आना बाकी है।

चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू से संबद्ध नोडल अधिकारी एच.सी. गेरा ने बताया, "दो संदिग्ध मामले पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर)और तीन संदिग्ध मामले सेक्टर 32 के सरकारी अस्पताल में सामने आए हैं। उनके चिकित्सकीय नमूने जांच के लिए नई दिल्ली भेज दिए गए हैं।"

उन्होंने बताया, "करीब 35 व्यक्तियों की जांच की रिपोर्ट अभी नई दिल्ली से आना बाकी है। पहले रिपोर्ट 24 घंटे में आ जाती थी लेकिन भीड़ बढ़ने से अब वहां से रिपोर्ट आने में तीन या चार दिन लग रहे हैं।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+