ताईवान में राष्ट्रपति का इस्तीफा देने से इंकार (लीड-1)
ताइपे, 18 अगस्त (आईएएनएस)। ताईवान के राष्ट्रपति मा यिंग-जीओउ ने तूफान पीड़ितों को बचाने को लेकर सरकार द्वारा बरती गई ढिलाई के मुद्दे पर पद से इस्तीफा देने से मंगलवार को साफ इंकार कर दिया। लेकिन उन्होंने वादा किया कि वह राष्ट्रीय आपदा से निपटने के लिए उपायों को मजबूती प्रदान करेंगे।
जीओउ ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैंने जनता के शोरशराबे को संज्ञान में लिया है, लेकिन इस नाजुक मोड़ पर मैं इस्तीफा नहीं दे सकता। मुझे आपदा प्रभावित इलाकों में पुनर्निमाण के काम की निगरानी करनी है और जीवित बचे लोगों को उनके घरों को फिर से खड़ा करने में मदद करनी है।"
राष्ट्रपति ने यह स्वीकार करते हुए जनता से माफी मांगी कि उनकी सरकार ताईवान में सात अगस्त को आए मोराकात तूफान के बाद राहत कार्यो को तेजी के साथ संचालित कर पाने में विफल रही।
जीओउ ने कहा, "हम देश की जनता से गहरे दुख के साथ माफी मांगते हैं, खासतौर से उन लोगों से जिन्होंने इस तूफान में अपने प्रियजनों को गंवा दिया है।"
इसके पहले विदेश उप मंत्री एंड्रयू हासिया ने तूफान के बाद विदेशी सहायता ठुकराने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस तूफान में करीब 600 लोग मारे गए थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार समाचार पत्र 'यूनाइटेड डेली न्यूज' ने खबर दी है कि विदेश मंत्रालय की ओर से ताइवानी दूतावासों और प्रतिनिधि कार्यालयों को जारी विदेशी सहायता ठुकराने संबंधी निर्देश की जिम्मेदारी लेते हुए हासिया ने सोमवार को अपने पद से त्याग पत्र दे दिया।
विदेशी सहायता ठुकराने से ताईवान में राहत कार्यो में विलंब हुआ। नतीजतन हताहतों की संख्या बढ़ी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सोमवार तक इस त्रासदी में 126 लोग मारे गए, 45 घायल हो गए जबकि 60 अभी तक लापता हैं। लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है क्योंकि काओसियांग काउंटी के हासियालोन गांव में 433 लोग अब तक लापता हैं और समझा जाता है कि वे गत आठ अगस्त को ही 10 मीटर मलबे दब गए।
समाचार पत्र द न्यूज ने खबर दी है कि कैबिनेट अधिकारी रक्षा मंत्री चेन चाओ-मिन पर भी इस्तीफे के लिए दबाव बना रहे हैं। राष्ट्रपति मा यिंग जेउ से भी इसकी जिम्मेदारी लेने या इस्तीफे देने की मांग की रही है।
राष्ट्रपति ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में हुए विलंब के लिए माफी मांगी है लेकिन इसके लिए खराब मौसम को जिम्मेदार ठहराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications