अफगानिस्तान में आगे भी मिलेगी चुनौती: ओबामा
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने सोमवार को एरिजोना में कहा कि अफगानिस्तान में संघर्ष एक आवश्यकता थी और इसका कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने कहा कि अफानिस्तान की सुरक्षा के लिए अमेरिका प्रतिबद्ध है।
ओबामा ने कहा, "अफगानिस्तान में हमें आगे और कठिन चुनौती मिलेगी। वहां जीत का कोई आसान रास्ता नहीं है और न ही ये जल्दी संभव है।"
दूसरी ओर अफगानिस्तान में गुरुवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को प्रचार खत्म हो गया।
प्रचार के अंतिम दिन विभिन्न उम्मीदवारों ने मतदाताओं का विश्वास हासिल करने की जोरदार कोशिश की। गुरुवार को लगभग 1.7 करोड़ मतदाता राष्ट्रपति चुनने के लिए मतदान करेंगे। साथ ही वे 420 काउंसलर के लिए भी मतदान करेंगे।
देश में हिंसा और तालिबान की धमकियों के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत राष्ट्रपति चुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति हामिद करजई के मुकाबले 30 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें दो पूर्व मंत्री भी शामिल हैं।
करजई को मुख्य चुनौती पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला से मिल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications