शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए उपचुनाव (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश की चारों विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान केंद्रों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान करीब 12 लाख मतदाताओं ने कुल 58 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर दिया।
जिन सीटों पर आज उपचुनाव संपन्न हुआ वे हैं लखनऊ की मलीहाबाद विधानसभा सीट, औरैया की विधूना सीट, मुजफ्फरनगर की मोरना और मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा सीट। इन सभी सीटों के विधायकों ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दे दिया था। इन सीटों पर मतगणना का काम 21 अगस्त को होगा।
कर्नाटक की पांच विधानसभा सीटों के लिए आज संपन्न हुए उपचुनाव में 60 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक सबसे कम मतदान पश्चिमी बेंगलुरू की गोविंदराजनगर विधानसभा सीट पर दर्ज की गई। महज 45 फीसदी लोगों ने ही यहां अपने मताधिकार का उपयोग किया।
चित्तपुर में 60 फीसदी मतदान हुआ। केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियांक खड़गे यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। रामनगर विधानसभा सीट पर 69 फीसदी, चन्नपटना में 70 फीसदी और कोल्लेगल में 62 फीसदी मतदान हुआ।
राज्य के प्रमुख चुनाव अधिकारी सी. एस. सुरांजना ने सवांददाताओं से बातचीत में कहा, "सभी पांचों विधानसभाओं पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।"
तमिलनाडु में प्रमुख राजनीतिक दलों के चुनाव बहिष्कार की घोषणा के बावजूद यहां की पांच विधानसभा सीटों के लिए संपन्न हुए उपचुनाव में भारी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
बारगुर, तोंडामुथुर, कुमबुम, इल्लयांगुड़ी और श्रीवईकुंदम विधानसभा की सीटों के लिए उपचुनाव में लोगों ने उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लिया।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक कुमबुम में 76 फीसदी, श्रीवईकुंदम और बारगुर में 72 फीसदी, इल्लयांगुड़ी में 67 फीसदी और तोंडामुथुर,में 58 फीसदी मतदान हुआ।
भारी संख्या में लोगों का मतदान के लिए निकलना स्पष्ट करता है कि जनता ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके), पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) और मरूमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एमडीएमके) के चुनाव बहिष्कार के आान को पूरी तरह नकार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications