जमाखोरों के पास से 29,000 क्विंटल शक्कर जब्त (लीड-1)
प्रदेश में चीनी की कीमत के खुले बाजार में 34 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव को पार कर जाने के बाद जागी सरकार ने 20 क्विंटल से अधिक शक्कर रखने के लिए लाइसेंस अनिवार्य कर दिया है। इतना ही नहीं जमाखोरों के खिलाफ अभियान भी शुरू किया गया है।
जमाखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक 29,000 क्विंटल शक्कर बरामद की जा चुकी है। जिसकी अनुमानित कीमत नौ करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। मंगलवार को भिण्ड में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। तीन स्थानों पर मारे गए छापों में कुल 14,364 क्विंटल शक्कर बरामद की गई।
भिण्ड कलेक्टर के.सी. जैन ने आईएएनएस को बताया कि खाद्य विभाग और प्रशासनिक दल ने औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर के विनायक कोल्ड स्टोरेज में छापा मारा तो वहां भारी मात्रा में शक्कर मिली। इस कोल्ड स्टोरेज से कुल 13278 क्विंटल शक्कर बरामद की गई जिसकी अनुमानित कीमत साढ़े चार करोड़ है।
इसके अलावा भिण्ड में ही दो अन्य स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई। इसमें नमन ट्रेडर्स से 290 और सुनील कुमार के यहां से 900 क्विंटल शक्कर बरामद की गई है।
इससे पूर्व इदौर में 6000 क्विंटल, मुरैना में 5500 क्विंटल, शिवपुरी में 2000 क्विंटल शक्कर बरामद की जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications