आखिर प्रधानमंत्री ने माना, पाक से है आतंकी खतरा : आडवाणी
शिमला में बुधवार से आरंभ हो रही पार्टी की तीन दिवसीय बैठक में हिस्सा लेने आए आडवाणी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "पाकिस्तान के संदर्भ में प्रधानमंत्री द्वारा सोमवार को दिया गया बयान उनके पूर्व के बयानों के विरोधाभासी है। लेकिन मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री को यह अहसास हुआ।"
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में स्पष्ट तौर पर कहा था कि सरकार के पास पुख्ता जानकारी है कि पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी गुट भारत पर ताजा हमले की साजिश रच रहे हैं।
मिस्र के शहर शर्म अल-शेख में गत 16 जुलाई को भारत और पाकिस्तान के बीच जारी हुए संयुक्त वक्तव्य, जिसमें आतंकवाद को वार्ता से अलग करने पर मनमोहन सिंह सहमत हो गए थे, का जिक्र करते हुए आडवाणी ने कहा, "प्रधानमंत्री अब अपने पूर्व के बयानों और ताजा बयान पर कैसे सहमति बिठाएंगे।"
आडवाणी ने हालांकि इस दौरान चिंतन बैठक के बारे में कुछ भी बोलने से इंकार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications