काबुल में आत्मघाती हमला, 6 मरे 44 घायल
काबुल, 18 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती विस्फोट में छह लोग मारे गए और 44 घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
एक अन्य आत्मघाती हमलावर ने दक्षिणी उरूजगान प्रांत में विस्फोट किया। इस हमले में पांच लोग मारे गए।
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी अब्दुल मनान ने बताया कि काबुल में जलालाबाद रोड पर एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन से विदेशी सुरक्षा बलों के काफिले को टक्कर मार दी।
अफगान सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता फरीद राहिद ने बताया, "छह शवों और 44 घायलों को काबुल के तीन अस्पतालों में लाया गया है।"
उन्होंने बताया कि हताहत होने वालों में अधिकांश नागरिक हैं। घायलों में संयुक्त राष्ट्र के लिए काम करने वाले तीन अफगान नागरिक भी हैं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता जनरल जहीर आजमी ने बताया कि तीन शव और 21 घायलों को मौके से हटाया गया है तथा अफगान और ब्रिटिश सुरक्षा बलों ने घटनास्थल को घेर लिया है।
नाटो के एक सूत्र ने डीपीए को बताया कि हमले वाली जगह ब्रिटिश सेना का एक वाहन मौजूद था।
मंगलवार को ही उरूजगान सूबे के चौरा जिले में एक नाके पर हुए हमले में तीन अफगान सुरक्षाकर्मी और दो नागरिक मारे गए। सूबे की राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर एक अन्य धमाके में तीन सैनिक और तीन नागरिक घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications