कांग्रेस की सरकार बनने पर ही विकास संभव : राहुल
लखनऊ, 18 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने अपने अमेठी दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को एक बार फिर से उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से आह्वान किया कि वे राज्य में कांग्रेस की सरकार बनवाएं तभी यहां चौतरफा विकास होगा।
तिलोई क्षेत्र के पाकर गांव में राजीव गांधी विद्यापीठ का शिलान्यास करने के बाद राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए हर संभव मदद कर रही है लेकिन प्रदेश सरकार लगातार विकास में बाधा उत्पन्न कर रही है।
राहुल ने जोर देते हुए कहा कि अब सूबे में विकास तभी होगा जब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा, "अगर आप लोग अमेठी, रायबरेली सहित पूरे प्रदेश का विकास चाहते हैं तो लखनऊ की गद्दी पर कांग्रेस को बिठाइए।"
कांग्रेस महासचिव ने लोगों से कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को विकास के लिए जनसमर्थन मिला है। कांग्रेस आगे भी विकास जारी रखेगी।
इस दौरान राहुल ने मंच के नीचे बैठे लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनसे हरसंभव मदद का वादा किया। यहां से राहुल सीधे सेवा दल के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हो गये।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आईएएनएस को बताया कि सेवा दल के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद राहुल गांवों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यो का जाएजा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications