कश्मीर में स्वाइन फ्लू के 3 नए मामले
श्रीनगर, 18 अगस्त (आईएएनएस)। कश्मीर में स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले सामने आए हैं जबकि दो रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक एम. ए. वनी ने बताया कि इनमें मरीजों में से दो घाटी से बाहर पढ़ने वाले छात्र तथा एक स्थानीय व्यापारी है।
अधिकारी ने बताया, "इन तीनों मरीजों को उनके अभिभावकों के अनुरोध पर उन्हीं के घरों में अलग कमरों में रखा गया है और उनका इलाज किया जा रहा है।"
उन्होंने बताया कि इन तीनों मरीजों के परिजनों को सब कुछ समझा दिया गया है और ऐहतियाती उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई वजह नहीं है।
वनी ने बताया कि जिन दो व्यक्तियों में पहले स्वाइन फ्लू पाया गया था उनकी हालत ठीक है।
उन्होंने बताया कि पुणे में पढ़ने वाला एक छात्र और दिल्ली का एक व्यापारी स्वाइन फ्लू से पीड़ित था। दोनों अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं।
उन्होंने ऐसी खबरों को गलत बताया कि बाहरी इलाकों से घाटी में आने वालों की ठीक से जांच नहीं हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications